चर्चा थाना में शांति समिति की बैठक होली व रमजान शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का लिया संकल्प

चर्चा थाना में शांति समिति की बैठक, होली व रमजान शांतिपूर्ण मनाने का लिया संकल्प
चर्चा, कोरिया (छत्तीसगढ़) से प्रभात दास की रिपोर्ट
होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना चरचा परिसर में शांति समिति की व्यापक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका शिवपुर-चरचा क्षेत्र के दोनों समुदायों के प्रमुख सदस्य, जनप्रतिनिधि तथा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच एवं पंच बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में शांति, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक राजेश साहू ने कहा कि होली और रमजान दोनों ही पर्व आपसी प्रेम, त्याग और सद्भाव का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक मिलकर यह सुनिश्चित करें कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
तर्रा बसेर, जगतपुर, नगर, रटगा, उमझर, जूनापारा, बिशुनपुर, फूलपुर, खरवत, सरडी, चेरवापारा एवं आमगांव ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया।
बैठक में नगर पालिका शिवपुर-चरचा के अध्यक्ष अरुण जायसवाल, उपाध्यक्ष राजेश सिंह, तहसीलदार अंकिता सौम, उप पुलिस निरीक्षक अनिल सोनवानी, पार्षद प्रदीप तिवारी, कुंडल साय, संजय देवांगन, धर्मपाल, भाजपा मंडल महामंत्री सचिन मलिक सहित राजेश कुमार, विकास सिंह, राम आधार कश्यप, लाल मोहम्मद, राजेंद्र पाल, पत्रकार अंकित अग्रवाल, प्रभात दास, अनिल सिंह, रामाधार तथा अंजुमन इस्लामिया कमेटी के पदाधिकारी मो. शराफत अली, मो. कमालुद्दीन अंसारी, सैनूल सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पुलिस प्रशासन ने मीडिया के माध्यम से आमजन को निर्देश जारी करते हुए कहा कि होली के दौरान मिलावटी रंग व गुलाल का प्रयोग न करें। सार्वजनिक स्थानों पर मुखौटा पहनकर घूमने पर प्रतिबंध रहेगा। दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी, शराब पीकर वाहन चलाने एवं हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान सहित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि नगर क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। वहीं पुलिस विभाग द्वारा संवेदनशील स्थानों पर विशेष गश्त एवं पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाएगी।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया कि होली एवं रमजान पर्व सभी नागरिक प्रशासन के सहयोग से शांति और भाईचारे के साथ मनाएंगे तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देंगे। शांति समिति की बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और उपस्थित जनों ने एक-दूसरे को आगामी पर्वों की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

Comments

Popular posts from this blog

फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर कर रही थी महिला शासकीय सेवा, जांच में पाए गए प्रमाण पत्र फर्जी।

भव्य स्वागत के साथ चर्चा पहुंची साध्वी सरस्वती जी, 20 से शुरू होगी श्रीमद्भागवत कथा

एंटी करप्शन मूवमेंट भारत के एक शिष्ट प्रतिनिधि मंडल ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री नितिन नवीन को पगड़ी और पटका पहनाकर सम्मानित किया तथा उन्हें संस्था की ओर से मैगजीन दर्पण और संस्था की एक डायरी नव वर्ष की भेंट के रूप में प्रदान की। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने हर संभव मदद करने का दिया आश्वासन।