छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा बोर्ड परीक्षाओं का संचालन प्रारंभ
चरचा, कलरी क्षेत्र में उत्साह और अनुशासन के साथ शुरू हुई बोर्ड परीक्षाए। परीक्षा के पहले दिन से ही छात्र-छात्राएं समय से पूर्व परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे। अभिभावकों में भी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर उत्साह और विश्वास का माहौल देखने को मिला। क्षेत्र में इस वर्ष दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहला केंद्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (बालक) चरचा में तथा दूसरा केंद्र स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में स्थापित किया गया है। दोनों ही केंद्रों में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। परिक्षा से पूर्व स्कूल केन्द्र के द्वारा सभी छात्र-छात्राओं को तिलक व मुंह मिठा कराकर क्लास में भेजा गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (बालक) चरचा में तीन विद्यालयों का केंद्र चरचा मे रहा जिसमें हिन्द विद्यालय इंग्लिश मीडियम हायर सेकंडरी स्कूल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (बालक) चरचा तथा सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं। इसी प्रकार स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में भी क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
यहां भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी निर्धारित समय पर पहुंचकर शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा दे रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन द्वारा पेयजल, स्वच्छता, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा के दौरान शा. उ. मा. विद्यालय के अध्यक्ष अभिमन्यु मुदुली, नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश सिंह, मंडल उपाध्यक्ष आदित्य जायसवाल तथा महामंत्री सचिन मलिक परीक्षा केंद्र पहुंचे। उन्होंने केंद्राध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की कमी न रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परीक्षा में सभी की जिम्मेदारी है कि बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।सभी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को परीक्षा पूर्व आवश्यक मार्गदर्शन दिया और उन्हें आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। परीक्षा केंद्रों में प्रत्येक कक्ष में कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए हैं तथा नकल रोकने के लिए सख्त निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा समाप्ति के बाद छात्रों के चेहरे पर आत्मविश्वास झलकता दिखाई दिया उन्होंने प्रश्नपत्र को संतुलित बताते हुए अच्छे परिणाम की उम्मीद जताई।
कुल मिलाकर चरचा कॉलरी क्षेत्र में बोर्ड परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित वातावरण में हो रहा है, जो क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के प्रति गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण चरण है और इस समय उन्हें सकारात्मक वातावरण एवं प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज और राष्ट्र को प्रगति की ओर अग्रसर करता है, इसलिए सभी को मिलकर विद्यार्थियों के भविष्य को सशक्त बनाने में योगदान देना चाहिए। केंद्रों में बनाए गए नियंत्रण कक्ष से परीक्षा की निगरानी की जा रही है तथा सभी कक्षों में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। अभिभावकों ने भी परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में परीक्षा होने से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है। वहीं शिक्षकों ने आशा जताई कि इस वर्ष परिणाम पूर्व वर्षों की तुलना में और बेहतर रहेंगे। चरचा क्षेत्र में बोर्ड परीक्षा का यह आयोजन शिक्षा के प्रति क्षेत्र की जागरूकता और सामूहिक प्रयास का उदाहरण बनकर सामने आया है। सुव्यवस्थित प्रबंधन, जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और शिक्षकों के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को एक सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण मिल रहा है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा।
Comments
Post a Comment