एफ सी जालन, मणिपुर ने रोमांचक मुकाबले में रांची को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह सुरक्षित की

एफसी जालन, मणिपुर ने रोमांचक मुकाबले में रांची को हराकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
चरचा, कोरिया (छत्तीसगढ़) से प्रभात दास की रिपोर्ट।
अखिल भारतीय शेषन स्मृति 50वां गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के स्वर्ण जयंती समारोह अंतर्गत प्रतियोगिता के तीसरे दिन खेले गए तीसरे मुकाबले में एफसी जालन, इम्फाल (मणिपुर) ने स्पोर्टिंग एर्थोटी, रांची (झारखंड) को पेनाल्टी शूटआउट में 5–4 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। मुकाबला अत्यंत रोमांचक रहा, जिसमें दर्शक अंत तक सांस थामे बैठे रहे।
मैच के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ फुटबॉल संघ के सचिव एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चिरमिरी डॉ. अशोक कुमार बिराजी, वरिष्ठ कार्मिक प्रबंधक ददन राम तथा हीरा सिंह रहे। अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के पश्चात राष्ट्रगान के साथ मैच का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मंच पर हेमसागर यादव, धर्मेंद्र सिंह, धर्मवीर सिंह, मंच संचालन कर रहे प्रदीप डे, नीरज गुप्ता, शशि भूषण राय एवं जितेन्द्र श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
मैच के प्रारंभ से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। रांची की टीम ने कई गोल के अवसर बनाए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। वहीं मणिपुर की टीम ने भी बेहतरीन बचाव एवं जवाबी हमलों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मध्यांतर तक स्कोर 0–0 रहा। दूसरे हाफ में भी दोनों टीमें गोल करने में असफल रहीं और निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
इसके बाद कराए गए पेनाल्टी शूटआउट में एफसी जालन, इम्फाल ने स्पोर्टिंग एर्थोटी, रांची को 5–4 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
मैच का मैन ऑफ द मैच पुरस्कार एफसी जालन के जर्सी नंबर 9 जुनेद खान को प्रदान किया गया। यह सम्मान हिन्द विद्यालय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल की ओर से डॉ. अशोक बिराजी एवं थाना प्रभारी प्रमोद पांडे के हाथों प्रदान किया गया।
मैच के मुख्य निर्णायक आशीष तिवारी, सहायक निर्णायक प्रफुल्ल कुमार एवं भरत राजवाड़े, फोर्थ ऑफिशियल विशाल प्रजापति, मैच कमिश्नर अनिल कचेर तथा अतिरिक्त निर्णायक विजय विश्वकर्मा रहे। ग्राउंड मैनेजमेंट एवं फिजियोथैरेपी में मो. रफीक एवं अब्दुल्ला रोशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सह क्षेत्र प्रबंधक संजय कुमार, उपाध्यक्ष संदीप कुमार, सचिव मो. रियाज, सह-सचिव तपेश्वर प्रसाद एवं प्रवीण डेहरिया तथा कोषाध्यक्ष महेश कुमार का विशेष सहयोग रहा। ऑफिशियल कार्यों में नकी अहमद की अहम भूमिका रही।
आयोजकों ने नगरवासियों एवं खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और इस ऐतिहासिक स्वर्ण जयंती प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की है।
चौथे दिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला दोपहर 1:30 बजे खड़गपुर, पश्चिम बंगाल एवं एमएजी, बैंगलोर (कर्नाटक) के बीच तथा दूसरा मुकाबला बक्सर, बिहार बनाम एससी रेलवे, नागपुर के बीच खेला जाएगा।

Comments

Popular posts from this blog

फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर कर रही थी महिला शासकीय सेवा, जांच में पाए गए प्रमाण पत्र फर्जी।

भव्य स्वागत के साथ चर्चा पहुंची साध्वी सरस्वती जी, 20 से शुरू होगी श्रीमद्भागवत कथा

एंटी करप्शन मूवमेंट भारत के एक शिष्ट प्रतिनिधि मंडल ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री नितिन नवीन को पगड़ी और पटका पहनाकर सम्मानित किया तथा उन्हें संस्था की ओर से मैगजीन दर्पण और संस्था की एक डायरी नव वर्ष की भेंट के रूप में प्रदान की। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने हर संभव मदद करने का दिया आश्वासन।