केरल पुलिस ने जीता 50वा अखिल भारतीय सेशन स्मृति गोल्ड कप
चरचा, कोरिया (छत्तीसगढ़) से प्रभात दास की रिपोर्ट
चरचा के महाजन स्टेडियम में आयोजित 50वें अखिल भारतीय शेषन स्मृति गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन अत्यंत गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आई टीमों और खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में खेल का उत्साह चरम पर रहा।
14 फरवरी 2026, शनिवार को दोपहर 3:30 बजे खेले गए फाइनल मुकाबले में Kerala Police का सामना Sersa Kharagpur से हुआ। मैच से पूर्व अतिथियों का पारंपरिक छत्तीसगढ़ी शैला नृत्य एवं साल-श्रीफल से आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसईसीएल बिलासपुर के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन रहे। विशिष्ट अतिथियों में आर.बी. सिंदुर (पीएस टू अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक, एसईसीएल), पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वर्तमान बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े, चिरमिरी महाप्रबंधक अशोक कुमार, बिश्रामपुर महाप्रबंधक डॉ. संजय कुमार सिंह, भटगांव महाप्रबंधक शरद कुमार तिवारी तथा नगर पालिका शिवपुर अध्यक्ष अरुण जायसवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय महाप्रबंधक बैकुंठपुर बी.एन. झा ने की।
मैच प्रारंभ होने से पूर्व खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया गया तथा खान दुर्घटना में मृतकों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखा गया। राष्ट्रगान और टॉस के साथ मुकाबले की शुरुआत हुई।
रोमांचक फाइनल के 7वें मिनट में सेरसा खड़कपुर के जर्सी नंबर 11 सागर दास ने शानदार गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। मध्यांतर तक यही स्कोर बना रहा। दूसरे हाफ में केरला पुलिस ने आक्रामक रणनीति अपनाई और 18वें मिनट में जर्सी नंबर 20 बृजेश ने बेहतरीन गोल कर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया।
निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद निर्णायक मंडल ने पेनाल्टी शूटआउट का निर्णय लिया। बेहद रोमांचक पेनाल्टी मुकाबले में केरला पुलिस ने 6-5 से जीत दर्ज कर स्वर्ण जयंती वर्ष का खिताब अपने नाम किया। केरला पुलिस के गोलकीपर को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
विजेता टीम केरला पुलिस को ट्रॉफी एवं ₹1,50,000 की नगद राशि प्रदान की गई, जबकि उपविजेता सेरसा खड़कपुर को ट्रॉफी एवं ₹75,000 की नगद राशि दी गई। दोनों टीमों को विशेष इनविजिबल पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
पूरे टूर्नामेंट में ग्राउंड एवं फिजियोथेरेपी की जिम्मेदारी मो. रफीक ने निभाई, वहीं मंच संचालन कमेटी के सचिव मोहम्मद रियाज द्वारा किया गया। फाइनल मुकाबले को देखने लगभग 30 हजार दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिसने खिलाड़ियों का भरपूर उत्साहवर्धन किया।
आयोजन समिति में अध्यक्ष सह क्षेत्र प्रबंधक संजय कुमार, उपाध्यक्ष संदीप कुमार, सचिव मो. रियाज, सह-सचिव तपेश्वर प्रसाद एवं प्रवीन डेहरिया तथा कोषाध्यक्ष महेश कुमार ने अपने दायित्वों का सफल निर्वहन किया। कार्यक्रम में एरिया जेसीसी, एरिया वेलफेयर, स्थानीय श्रमिक संगठन के प्रतिनिधि तथा चरचा थाना प्रभारी प्रमोद पांडे भी उपस्थित रहे।
इस प्रकार 50वां अखिल भारतीय शेषन स्मृति गोल्ड कप अपने स्वर्णिम इतिहास में एक और यादगार अध्याय जोड़ते हुए सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। ⚽🏆
Comments
Post a Comment