50वा सेशन स्मृति गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट, जबरदस्त भीड़ के साथ अनुशासित खेल भावना का प्रदर्शन
अखिल भारतीय शेषन स्मृति 50वां गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट
महाजन स्टेडियम, चरचा कोरिया, छत्तीसगढ़ में रोमांच चरम पर (प्रभात दास की रिपोर्ट)
चरचा, कोरिया (छ.ग.) — अखिल भारतीय शेषन स्मृति 50वां गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के चौथे दिन महाजन स्टेडियम में खेले गए दोनों मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। हजारों दर्शकों की मौजूदगी, अनुशासन, खेल भावना और खिलाड़ियों के जोश ने प्रतियोगिता को यादगार बना दिया।
⚽ पहला मुकाबला: खड़कपुर (प. बंगाल) बनाम एमएजी बैंगलोर (कर्नाटक)
दोपहर 1:30 बजे से खड़कपुर, पश्चिम बंगाल और एमएजी बैंगलोर, कर्नाटक के बीच खेले गए पहले मुकाबले का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका शिवपुर–चरचा के उप अभियंता आलोक चक्रधारी, वरिष्ठ कार्मिक प्रबंधक हीरा सिंह एवं हरि यादव द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर राष्ट्रगान के साथ किया गया।
मैच के प्रारंभ से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी और मुकाबला 0–0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में खड़कपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एमएजी बैंगलोर को 3–1 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
इस रोमांचक मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए खड़कपुर टीम के गोलकीपर जर्सी नंबर 21 दिलीप मंडल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
⚽ दूसरा मुकाबला: बक्सर (बिहार) बनाम एससी रेलवे नागपुर
दिन का दूसरा मुकाबला बक्सर, बिहार और एससी रेलवे नागपुर के बीच खेला गया। मैच के पांचवें मिनट में ही नागपुर टीम के जर्सी नंबर 10 पी.के. मिसेल ने शानदार गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद जर्सी नंबर 8 तेजेन्द्र सिंह सरदार ने मध्यांतर से पूर्व दूसरा गोल कर स्कोर 2–0 कर दिया।
मध्यांतर के बाद नागपुर के एक खिलाड़ी को रेड कार्ड मिलने के बावजूद बक्सर की टीम इसका लाभ नहीं उठा सकी। मैच के अंतिम क्षणों में बक्सर के जर्सी नंबर 21 पोकम ने गोल कर स्कोर 2–1 किया, लेकिन बराबरी नहीं कर पाए। इस प्रकार एससी रेलवे नागपुर ने 2–1 से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
शानदार खेल के लिए पी.के. मिसेल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भारतीय कोयला मजदूर संघ के केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह के करकमलों से प्रदान किया गया।
🏅 आयोजन एवं प्रबंधन की सराहनीय भूमिका
प्रतियोगिता के सफल संचालन में आयोजन समिति की अहम भूमिका रही। अध्यक्ष सह क्षेत्र प्रबंधक संजय कुमार, उपाध्यक्ष संदीप कुमार, सचिव मो. रियाज, सह-सचिव तपेश्वर प्रसाद एवं प्रवीन डेहरिया, तथा कोषाध्यक्ष महेश कुमार के नेतृत्व में पूरा आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रहा है।
ग्राउंड मैनेजमेंट में मो. रफीक, फिजियोथेरेपी में अवधेश राजवाड़े एवं आशीष मसीह का योगदान सराहनीय रहा। सुरक्षा व्यवस्था में थाना प्रभारी प्रमोद पांडे अपने दलबल के साथ लगातार मौजूद रहकर प्रशंसनीय भूमिका निभा रहे हैं।
📅 आज होंगे दो क्वार्टर फाइनल मुकाबले
प्रतियोगिता के पांचवें दिन दो रोमांचक क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे —
नीमच (मध्यप्रदेश) बनाम समलेश्वरी-11, संबलपुर (ओडिशा)
सेरसा खड़कपुर (पश्चिम बंगाल) बनाम एससी रेलवे नागपुर
आयोजकों ने नगरवासियों एवं खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
Comments
Post a Comment