50वा सेशन स्मृति गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ
शेषन स्मृति 50वां गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ
महाजन स्टेडियम, चरचा, कोरिया (छत्तीसगढ़)
(एसीएम भारत न्यूज़ के ब्यूरो प्रमुख की रिपोर्ट)
चरचा, कोरिया।
महाजन स्टेडियम में अखिल भारतीय शेषन स्मृति 50वां गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। पिछले पाँच दशकों से यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता भारतीय फुटबॉल को नई दिशा देने के साथ-साथ देशभर के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करती आ रही है।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक श्री बी. एन. झा रहे। विशिष्ट अतिथियों में नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा के अध्यक्ष श्री अरुण जायसवाल, सह क्षेत्र प्रबंधक चरचा आर.ओ. श्री संजय कुमार, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री राजेश सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार बिराजी, हरि यादव, योगेंद्र मिश्रा, बीएमएस के केंद्रीय अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह, महेश यादव, जितेन श्रीवास्तव, प्रदीप तिवारी, संजय देवांगन, लाल मोहम्मद, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपा विश्वकर्मा, काजल मोदी, सिमरन श्रीवास्तव, मुस्कान सिधार, थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय सहित जेसीसी मेंबर एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में हिंद विद्यालय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल की स्काउट छात्राओं द्वारा अतिथियों का पारंपरिक स्वागत तिलक, साल एवं बुके भेंट कर किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि श्री बी. एन. झा ने शेषन एवं महाजन जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर टूर्नामेंट ध्वज फहराया। राष्ट्रगान एवं कोल इंडिया कॉरपोरेट गीत के उपरांत खान दुर्घटना में दिवंगत कर्मियों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखा गया।
मुख्य अतिथि द्वारा गेंद को किक मारकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
रोमांचक उद्घाटन मुकाबला
टूर्नामेंट के पहले दिन न्यू स्पोर्टिंग क्लब चरचा (छत्तीसगढ़) एवं नीमच (मध्यप्रदेश) के मध्य रोमांचक मुकाबला खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोलरहित बराबरी पर रहीं। इसके पश्चात हुए पेनाल्टी शूटआउट में नीमच (म.प्र.) ने न्यू स्पोर्टिंग क्लब चरचा को 4-3 से पराजित कर विजय प्राप्त की।
मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार नीमच के गोलकीपर को मुख्य अतिथि श्री बी. एन. झा के करकमलों से प्रदान किया गया।
प्रेरणादायी उद्बोधन
मुख्य अतिथि श्री बी. एन. झा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी निर्माण करता है। शेषन स्मृति गोल्ड कप जैसे आयोजन युवाओं को नशे एवं कुरीतियों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को स्वर्ण जयंती समारोह के सफल आयोजन हेतु शुभकामनाएं दीं।
आयोजन समिति
आयोजन समिति में अध्यक्ष सह क्षेत्र प्रबंधक संजय कुमार, उपाध्यक्ष संदीप कुमार, सचिव मो. रियाज, सह-सचिव तपेश्वर प्रसाद एवं प्रवीन डेहरिया तथा कोषाध्यक्ष महेश कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आयोजकों ने नगरवासियों एवं खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
आज का मुकाबला
आज का मुकाबला समलेश्वरी स्पोर्टिंग, संबलपुर (ओडिशा) एवं आरटी बॉयज, हैदराबाद (तेलंगाना) के बीच खेला जाएगा, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।
Comments
Post a Comment