सेशन स्मृति 50वा गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट अंतिम क्वार्टर फाइनल में चेन्नई ने दुर्गापुर को 2-0 से हराया, सेमीफाइनल में बने जगह।
चरचा, कोरिया (छत्तीसगढ़) से प्रभात दास की रिपोर्ट।
अखिल भारतीय सेशन स्मृति 50वें गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के स्वर्ण जयंती समारोह के अंतर्गत प्रतियोगिता के नौवें दिन खेला गया अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबला दर्शकों के लिए अत्यंत रोमांचक एवं यादगार साबित हुआ। यह मुकाबला दुर्गापुर, पश्चिम बंगाल एवं जॉय यूनिवर्सिटी, चेन्नई (तमिलनाडु) के मध्य खेला गया, जिसमें चेन्नई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2–0 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
मैच से पूर्व अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर राष्ट्रगान के साथ मुकाबले का शुभारंभ किया गया। मुकाबले की शुरुआत अपराह्न 3:33 बजे हुई। प्रारंभ से ही चेन्नई की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए दुर्गापुर पर दबाव बनाया। हालांकि दोनों टीमों के सशक्त बचाव के चलते मध्यांतर तक स्कोर 0–0 बना रहा।
मध्यांतर के बाद दुर्गापुर की टीम आक्रामक तेवर के साथ मैदान पर उतरी और लगातार गोल करने के प्रयास किए, लेकिन चेन्नई के मजबूत डिफेंस एवं गोलकीपर के शानदार प्रदर्शन के कारण सफलता नहीं मिल सकी। दूसरी ओर चेन्नई को भी कई सुनहरे मौके मिले, जिन्हें दुर्गापुर के गोलकीपर ने बेहतरीन बचाव से विफल कर दिया।
मैच समाप्ति से लगभग 20 मिनट पूर्व चेन्नई के जर्सी नंबर 9 सानू ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद मात्र 7 मिनट के भीतर सानू ने दूसरा गोल कर मुकाबले को पूरी तरह चेन्नई के पक्ष में कर दिया। चेन्नई को तीसरा गोल करने का अवसर भी मिला, लेकिन वह चूक गया। अंततः जॉय यूनिवर्सिटी, चेन्नई ने 2–0 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
शानदार प्रदर्शन के लिए जर्सी नंबर 20 के खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया, वहीं दो गोल करने वाले जर्सी नंबर 9 सानू को 1100 रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मैच के मुख्य निर्णायक पप्पू कुमार (चरचा) रहे, जबकि सहायक निर्णायक प्रभुल कुमार एवं भरत कुमार (चरचा) थे। फोर्थ ऑफिशियल आशीष तिवारी तथा मैच कमिश्नर अनिल कचेर ने अपनी जिम्मेदारी का सफल निर्वहन किया। मैदान की देखरेख एवं फिजियोथैरेपी की जिम्मेदारी एसईसीएल से सेवानिवृत्त एवं पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी मो. रफीक ने संभाली। मंच संचालन एवं अतिथियों की देखरेख टूर्नामेंट सचिव मो. रेयाज द्वारा की गई।
आयोजन समिति में अध्यक्ष सह क्षेत्र प्रबंधक संजय कुमार, उपाध्यक्ष संदीप कुमार, सचिव मो. रेयाज, सह-सचिव तपेश्वर प्रसाद एवं प्रवीण डेहरिया तथा कोषाध्यक्ष महेश कुमार को विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अजीत लाकड़ा, चरचा थाना प्रभारी प्रमोद पांडे, वरिष्ठ क्रमिक प्रबंधक बैकुंठपुर विकास शंकर ओझा, हीरा सिंह, महेश यादव, हिमसागर यादव, राहुल सेठ, प्रदीप डे, सुशील शर्मा, अब्दुल्ला रोशन, नकी अहमद, विजय विश्वकर्मा, यू. पी. सिंह, धर्मवीर सिंह सहित पत्रकार अंकित अग्रवाल, प्रकाश शर्मा एवं प्रभात दास सहित सैकड़ों की संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
दसवें दिन का पहला सेमीफाइनल मुकाबला केरला पुलिस (केरल) एवं समलेश्वरी 11, सम्बलपुर (ओड़िशा) के मध्य खेला जाएगा।
Comments
Post a Comment